माननीय कृषि-मंत्री श्री राधामोहन सिंह जी के नाम खुला-पत्र

वर्तमान केन्द्रीय कृषि मंत्री और पूर्वी चम्पारण (मोतिहारी) से लगातार पाँचवी बार से सांसद माननीय राधामोहन सिंह जी के नाम ग्रामीणों का खुला पत्र -

अरेराज अनुमंडल, थाना संग्रामपुर के अंतर्गत गाँव भवानीपुर के हम सभी ग्रामीण दशकों से अच्छी और मजबूत सड़कों की समस्या से जूझ रहे हैं, हालाँकि यह समस्या पूरे बिहार की  दशकों से बदस्तूर बनी हुई है।  हम NH-28 को SH-74 से जोड़ने  वाली सड़क के संदर्भ में बात कर रहे हैं।  यह सड़क  हमारे 24 टोलों के गाँव सहित गाँव धनगढ़हाँ को जिला मुख्यालय मोतिहारी से जोड़ने वाली एक मात्र ''लाइफ-लाइन '' सड़क है।

बीच बचाव-मरम्मत के अतिरिक्त तकरीबन 5 किलोमीटर की दूरी वाली यह ''लाइफ-लाइन'' सड़क दशकों से यहाँ के जनप्रतिनिधियों की उपेक्षा का शिकार रही है।  जिसके कारण हम ग्रामीणों को आवागमन के अतिरिक्त फसलों  को ट्रैक्टर आदि से भेजने में पर्याप्त कठिनाईयों का सामना करना पड़ रहा है ..
बसों, टेम्पू आदि की सवारी इस सड़क पर जान जोखिम में डालकर करने को हम मजबूर हैं।  कई बार बसों के पलट जाने तक की खबरें आती रहीं हैं।  बरसात के मौसम में खेतों का पानी सड़क पर चढ़ जाने से सड़क बीच-बीच में से  पानी में डूब जाती है और आवागमन बुरी तरह बाधित हो जाता है। कई बार रोजमर्रा की वस्तुएँ भी यहाँ नहीं पहुँच पाती।

चुनावी दौर में हर बार इसको लेकर वादे किये जाते रहे हैं पर कभी भी उस पर अमल नहीं हुआ। देखते-देखते हम ग्रामीणों के सब्र का बाँध अब टूट चुका है और आप यहाँ से लगातार पाँचवी बार से लगातार सांसद हैं, अतः हमारी आपसे यह माँग है कि आप चुनाव से पहले इस मामले को संज्ञान में लें और जरूरी आदेश दें।  ताकि हमारी दिनचर्या सफलतापूर्वक पटरी पर लौट सके। अन्यथा हम सबने गाँधी की इस धरती से पुनः ''सत्याग्रह'' का मन बना लिया है और हम इसकी भूमि तैयार करने में लगे हुए हैं और इसी कड़ी में हमने इस बार के चुनाव के सामूहिक बहिष्कार का भी निर्णय लिया है।  और हम सिर्फ इसी सड़क नहीं बल्कि गाँव की अन्य जर्जर सड़कों के लिए भी सड़कों पर उतरेंगे। अतः संघीय और लोकतान्त्रिक व्यवस्था में आम जनता का विश्वास बना रहे इसके लिए आप जल्द उचित कदम उठायें। .

निवेदक
समस्त ग्रामीण
गाँव- भवानीपुर
पोस्ट- - ठिकहाँ भवानीपुर
थाना- संग्रामपुर
अनुमंडल-  अरेराज
जिला- पूर्वी चम्पारण, बिहार।

Comments